आरसीएफसी बचाओ संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी
25 अगस्त की रोष रैली में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील
जोगिंद्रनगर/शिव कुमार।
क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र (RCFC) जोगिंद्रनगर से सोलन के नौणी स्थानांतरित करने के विरोध में आरसीएफसी बचाओ संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक आरसीएफसी को जोगिंद्रनगर से स्थानांतरित करने का निर्णय वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
पहले दिन क्रमिक अनशन पर बैठे संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरु शरण परमार, जिला परिषद सदस्य भड़वाड़ा कुशाल भारद्वाज, एक्स-सर्विसमैन लीग जोगिंद्रनगर से रूप सिंह ठाकुर तथा रोटरी क्लब से अजय ठाकुर ने अपना एक दिवसीय अनशन पूरा किया। इसके बाद उन्होंने अनशन की माला अगले दिन अनशन पर बैठने वाले प्रतिनिधियों को पहनाकर दूसरे दिन के आंदोलन की शुरुआत की।
दूसरे दिन पूर्व नगर परिषद जोगिंद्रनगर कांग्रेस उपाध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर, सेवानिवृत्त विद्युत विभाग के एक्सईएन कृपाल सिंह, एसडीओ ब्रिज गोपाल अवस्थी तथा सिख वेलफेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष दमनदीप सिंह ने क्रमिक अनशन की कमान संभाली।
अनशन पर बैठे चारों प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर कहा कि आरसीएफसी जोगिंद्रनगर की पहचान और क्षेत्र के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण संस्थान है, जिसे किसी भी सूरत में जोगिंद्रनगर से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्थान को स्थानांतरित करने के फैसले का हर स्तर पर विरोध किया जाएगा।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरु शरण परमार ने पहले और दूसरे दिन अनशन पर बैठने वाले सभी समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों का सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि आंदोलन को लगातार मिल रहे जनसमर्थन से समिति का हौसला बढ़ा है।
उन्होंने समस्त जोगिंद्रनगरवासियों से आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि 25 अगस्त को रामलीला मैदान जोगिंद्रनगर में आयोजित होने वाली रोष रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। उन्होंने कहा कि जनता की एकजुटता के माध्यम से इस मुहिम को और धार दी जाएगी तथा आरसीएफसी को स्थानांतरित करने के निर्णय के पीछे की मंशा पर सवाल उठाने वालों को जनता की ताकत का एहसास करवाया जाएगा।
समिति ने दोहराया कि आरसीएफसी को जोगिंद्रनगर से बाहर ले जाने के निर्णय को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और आंदोलन को आगामी दिनों में और तेज किया जाएगा।