चमोली में पावर प्रोजेक्ट से निकला तेज पानी और मलबा सड़क पर आ गया... देखते ही देखते करीब 100 मीटर सड़क इसकी चपेट में आ गई। सड़क क्षतिग्रस्त हुई तो लोक निर्माण विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हो गया। गनीमत रही कि जिस वक्त पानी का तेज बहाव सड़क पर आया, उस समय कोई राहगीर या वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था।
चमोली जिले में कांडई पुल के पास बनाला क्षेत्र में हिम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट में अचानक ओवरफ्लो की घटना सामने आई है। 29 सितंबर की सुबह प्रोजेक्ट में ओवरफ्लो होने के बाद पाइप फट गया, जिसके चलते तेज रफ्तार में पानी और मलबा बाहर निकलकर लोक निर्माण विभाग की सड़क पर पहुंच गया।
तेज बहाव इतना ज्यादा था कि सड़क का करीब 100 मीटर हिस्सा प्रभावित हो गया। सड़क के एक बड़े हिस्से को नुकसान पहुंचा है, जबकि 50 मीटर से ज्यादा हिस्से की पेंटिंग भी पूरी तरह बर्बाद हो गई।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हिम ऊर्जा परियोजना में ओवरफ्लो की स्थिति पहले भी सामने आ चुकी है। ऐसे में बार-बार होने वाली इस तरह की घटनाओं को लेकर परियोजना की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के वक्त अगर सड़क से कोई वाहन या राहगीर गुजर रहा होता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग ने सड़क को हुए नुकसान का शुरुआती आकलन 15 लाख रुपये से अधिक किया है। अब परियोजना और लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण करेंगे और वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाएगा।
निरीक्षण और क्षति के आकलन के बाद हिम ऊर्जा पावर प्रोजेक्ट को नुकसान की भरपाई के लिए नोटिस भेजे जाने की बात कही गई है।
ग्रामीणों की मांग है कि पूरे मामले की जांच कराई जाए, परियोजना के सुरक्षा मानकों की समीक्षा हो और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए ठोस इंतजाम किए जाएं।
फिलहाल निगाहें अब संयुक्त निरीक्षण और जांच रिपोर्ट पर हैं, जिससे साफ होगा कि सड़क को हुए नुकसान की भरपाई किस तरह की जाएगी और परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
#Chamoli #ChamoliNews #Uttarakhand #UttarakhandNews #PowerProject #HimUrja #BreakingNews #ViralNews #RoadDamage #Landslide #UttarakhandNews #PauriGarhwal #उत्तराखंड #चमोली #बड़ीखबर #वायरलन्यूज #हादसा #पावरप्रोजेक्ट #सड़कक्षतिग्रस्त #CitySpecialNews