#बालाघाट
बिरसा के प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग की मुस्तैदी, 100 बच्चे स्वस्थ होकर लौटे घर
बिरसा विकासखंड के ग्राम कुंडेकसा, अडोरी, कोरका एवं बांदरी सहित प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बीमारी की रोकथाम एवं उपचार के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मौसमी बीमारी, सर्दी-खांसी, बुखार, चर्मरोग, मीजलस, स्कैबीज एवं मलेरिया से प्रभावित बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से 100 बच्चे स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं।
विगत एक माह में कुल 152 बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 100 बच्चों को स्वास्थ्य लाभ मिलने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में 52 बच्चे अस्पताल में उपचाररत हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है।
घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य विभाग की टीमें
प्रभावित गांवों में 20 सर्वेक्षण टीमों के माध्यम से घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा 4 पीएम जनमन एएमएमयू, 10 चिकित्सा अधिकारी एवं 4 एंबुलेंस तैनात की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुंडेकसा, बोंदारी, कोरका, घुम्मुर, अडोरी, मछुरदा, गठिया एवं मातला सहित अन्य गांवों में नियमित स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया जा रहा है। अब तक सर्वेक्षण के दौरान विभिन्न बीमारियों से प्रभावित 613 मरीज चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 461 मरीज घर पर ही उपचार से ठीक हो गए है। 152 मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमे से 100 ठीक होकर अपने घर जा चुके है और 52 का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। अस्पताल में भर्ती सभी बच्चे खतरे से बाहर है। 15 अगस्त तक प्रभावित ग्रामों के 2780 लोगो की जांच की गई जिसमें मलेरिया के 236, दस्त के 116, दाने के साथ बुखार के 101, चर्म रोग के 160 मरीज पाये गए है।
642 बच्चों को विटामिन-ए, ओआरएस एवं जिंक की खुराक
स्वास्थ्य सर्वेक्षण के दौरान 642 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक, ओआरएस एवं जिंक टेबलेट वितरित की गई। 583 बच्चों को आयरन सिरप तथा 501 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली दी गई। वहीं 59 बच्चों को मीजल्स का डोज लगाया गया। बीमारी की रोकथाम के लिए 8 गांवों में लार्वा सर्वे किया गया, 7 गांवों में स्प्रे तथा 2 गांवों में फॉगिंग कराई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए उपचार, दवा वितरण एवं बीमारी की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठा रही हैं।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #udaypratapmp #Transportdeptmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 16, 2026