7 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे गुरुग्राम पहुंचेगी सेवा ज्योति यात्रा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे स्वागत
सेवा ज्योति यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा गुरुग्राम ने कसी कमर, गुरु कमल में हुई महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक
सेवा ज्योति यात्रा जनसेवा, संगठन शक्ति और विकसित भारत के संकल्प का बनेगी प्रतीक - डॉ. अर्चना गुप्ता
गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत सुनिश्चित करें कार्यकर्ता - राव इंद्रजीत सिंह
गुरुग्राम, गौरव गर्ग , 5 अक्टूबर। विकसित भारत संकल्प अभियान के निमित्त देशभर में चल रही सेवा ज्योति यात्रा आगामी 7 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे गुरुग्राम पहुंचेगी। गुरुग्राम पहुंचने पर माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी द्वारा सेवा ज्योति यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके उपरांत गुरुग्राम की चारों विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित विधायकों को सेवा ज्योति सौंपकर इसे प्रत्येक विधानसभा तक पहुंचाया जाएगा।
सेवा ज्योति यात्रा के भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों को लेकर आज भाजपा गुरुग्राम जिला कार्यालय गुरु कमल में भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता ने विशेष रूप से मार्गदर्शन प्रदान किया।
बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा, पार्लियामेंट्री बोर्ड सदस्य डॉ. सुधा यादव, प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, सीनियर डिप्टी मेयर धर्मवीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, जिला प्रभारी संदीप जोशी, गुरुग्राम महानगर प्रभारी राजकुमार बोहरा, गुरुग्राम महानगर जिलाध्यक्ष अजीत यादव, गुरुग्राम जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर सहित दोनों जिलों के जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, चेयरमैन, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, संकल्प और विकसित भारत के निर्माण के प्रति भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से इस संकल्प और सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा का भव्य स्वागत होना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वर्चुअल माध्यम से इस यात्रा और कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। सेवा ज्योति यात्रा को रिसीव करने के बाद चारों विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा को पूरी ऊर्जा एवं उत्साह के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी समन्वय के साथ इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में जुट जाएं।
गुरुग्राम लोकसभा से सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि गुरुग्राम के लिए यह गौरव का विषय है कि सेवा ज्योति यात्रा का स्वागत माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी की गरिमामयी उपस्थिति में होगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गुरुग्राम भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि इस अवसर को यादगार और ऐतिहासिक बनाया जाए।
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गुरुग्राम की चारों विधानसभा क्षेत्रों में सेवा ज्योति यात्रा को पूरे उत्साह के साथ ले जाया जाए और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने का आह्वान किया।
भाजपा पार्लियामेंट्री बोर्ड सदस्या डॉ सुधा यादव ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सेवा ज्योति यात्रा में पूर्ण समर्पण के साथ जुटने और ज्यादा से लोगों को इस यात्रा और जनसभा में सम्मलित करने का प्रयास करना है।
गुरुग्राम की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए जिम्मेदारियां तय
बैठक में सेवा ज्योति यात्रा की कार्यक्रम रूपरेखा एवं संख्या प्रबंधन को लेकर जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं। इसके तहत—
गुरुग्राम विधानसभा — विधायक मुकेश शर्मा
बादशाहपुर विधानसभा — विधायक एवं प्रदेश कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह
पटौदी विधानसभा — विधायक विमला चौधरी
सोहना विधानसभा — विधायक तेजपाल तंवर
को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा के स्वागत, कार्यक्रम की रूपरेखा एवं संख्या प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वहीं सेवा ज्योति यात्रा के प्रदेश संयोजक के रूप में हरियाणा भाजपा के प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला समूचे आयोजन के प्रदेश स्तर पर समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।
भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने बैठक में कहा कि सेवा ज्योति यात्रा को सफल बनाने के लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभानी होगी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के दोनों संगठनात्मक जिलों के कार्यकर्ता मिलकर इस कार्यक्रम को भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संकल्पबद्ध है। सेवा ज्योति यात्रा इसी संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।
बैठक के दौरान यात्रा के स्वागत, रूट, विधानसभा स्तर पर कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं की सहभागिता, संख्या प्रबंधन तथा आपसी समन्वय सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अंत में भाजपा नेतृत्व ने सभी जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों, मोर्चा एवं मंडल अध्यक्षों, पार्षदों तथा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 7 अक्टूबर को गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा के स्वागत को ऐसा ऐतिहासिक आयोजन बनाएं, जो संगठन की एकजुटता, अनुशासन और सेवा भावना का संदेश पूरे प्रदेश तक पहुंचाए।