वीरपुर में ‘सेंध’मारी की बड़ी वारदात, करीब 15 लाख के जेवरात पार
सतना। नागौद थाना एवं पोड़ी चौकी क्षेत्र के वीरपुर गांव में चोरों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने रामलखन पटेल के घर की बाहरी दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सास, बहू एवं बेटी के करीब 13 से 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने रात के समय घर की बाहरी दीवार में सेंध लगाकर रास्ता बनाया और अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर में रखे आभूषणों को निशाना बनाया। वारदात के बाद चोरों ने पास ही स्थित महेंद्र कुशवाहा के घर में भी प्रवेश किया, लेकिन वहां वे चोरी की वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। एक ही क्षेत्र में लगातार दो घरों में घुसने की घटना ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी की वारदात में पुलिस को अहम सुराग कोदुलाल कुशवाहा के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से मिला है। कैमरे की फुटेज में कुछ संदिग्ध व्यक्ति वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज की और चैना पिता छोटेलाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उसे पूर्व में शातिर चोर बताया जा रहा है। पुलिस उससे चोरी की वारदात में उसकी भूमिका, संभावित साथियों तथा चोरी गए आभूषणों के संबंध में पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।