हमीरपुर जनपद के सुमेरपुर क्षेत्र के इंगोहटा गांव में दो दिन पूर्व हुई मूसलाधार बारिश के बाद रेलवे अंडरब्रिज जलभराव से तालाब में तब्दील हो गए हैं। गेट संख्या 26 के चालू अंडरब्रिज और गेट संख्या 25 के निर्माणाधीन अंडरब्रिज में कई फीट पानी भरने से आवागमन ठप है। अरतरा समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है।
जलभराव के कारण ग्रामीणों को खेतों और खलिहानों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। किसानों की खरीफ फसल पहले ही बारिश से प्रभावित हो चुकी है, अब खेतों में पानी भरा होने से गेहूं, चना, मटर और सरसों की रबी बुवाई पिछड़ने का खतरा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्यों के चलते प्राकृतिक जलनिकासी बाधित होने से समस्या बढ़ी है। उन्होंने अंडरब्रिज से तत्काल पंप लगाकर पानी निकलवाने और स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।