पेंशनर्स ने मनाया संकल्प दिवस, पंचायत स्तर तक चलेगा जन-जागरण अभियान
ठियोग। जिला शिमला पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति की त्रैमासिक बैठक होटल हेवन, ठियोग में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिमला पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने की। हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा मुख्य अतिथि तथा भाग चंद चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में ठियोग ब्लॉक अध्यक्ष मोहन दास ने प्रदेश के विभिन्न जिलों और शहरी इकाइयों से पहुंचे पदाधिकारियों का स्वागत किया। जिला समिति के कार्यालय सचिव लायक राम शर्मा ने मंच संचालन करते हुए इस वर्ष दिवंगत हुए पेंशनर्स की स्मृति में दो मिनट का मौन रखवाया।
इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के दूसरे प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनकी तस्वीरों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समिति ने इस दिन को ‘पेंशनर्स संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया। जिला संयोजक मोहन ठाकुर ने सभी सदस्यों को संकल्प भी दिलाया।
पंचायत स्तर तक पहुंचेगा जन-जागरण अभियान
मोहन ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के पेंशनर्स की ओर से चलाए जा रहे जन-जागरण अभियान के तीसरे चरण में जिला और राज्य स्तर के पदाधिकारी सभी ब्लॉकों, शहरी इकाइयों और प्रत्येक पंचायत तक पहुंचेंगे। इस दौरान पेंशनर्स को सरकार की पेंशन विरोधी नीतियों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न खंडों के अध्यक्षों और महासचिवों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चलाए जा रहे सदस्यता अभियान और जन-जागरण अभियान की प्रगति की जानकारी दी। पदाधिकारियों ने अभियान को पंचायत स्तर तक ले जाने और अधिक से अधिक पेंशनर्स को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया।