जमुई के चकाई में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चकाई स्थित इथेनॉल प्लांट का लिया जायजा
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार की दोपहर करीब 12:30बजे चकाई प्रखंड के उरबा में निर्माणाधीन इथेनॉल प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान ई-रिक्शा पर बैठकर प्लांट परिसर का भ्रमण किया और निर्माण कार्य का जायजा लिया।
साथ ही संबंधित अधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।
वहीं मीडिया कर्मी से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि मार्च 2027 तक चकाई में बन रहे इथेनॉल प्लांट को चालू कर दिया जाएगा। यहां तेज गति से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह एशिया का सबसे बड़ा इथेनॉल प्लांट है जो इस इलाके के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं सर्वे किया है और हर हाल में मार्च 2027 तक प्लांट चालू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि चकाई को स्टील हब बनाने की परिकल्पना को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जमीन की उपलब्धता को लेकर सर्वे किया गया है। जल्द ही स्टील हब की योजना भी जमीन पर उतरेगी, जिससे यहां की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और चकाई राज्य के मानचित्र पर औद्योगिक क्षेत्र के रूप में जाना जाएगा। सरकार उद्योग के लिए समुचित व्यवस्था करने में लगातार जुटी है।
इससे पूर्व हेलीकॉटर के पहुंचने के बाद अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह, मंत्री दामोदर रावत, पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह, विधायक सावित्री देवी, विधान पार्षद विजय सिंह, पूर्व विधान पार्षद संजय सिंह, मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीआइजी राकेश कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव विवेक कुमार, डीएम नवीन, एसपी विश्वजीत दयाल, एसडीएम सौरव कुमार, डीडीसी शिप्रा विजय चौधरी, सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। #jamui #CMBihar
Jamui, Jamui | Oct 4, 2026