बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल के साथ शौचालय एवं स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान
=================
सारण, 7 अक्टूबर 2026
=================
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल एवं बेहतर स्वच्छता सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन, सारण द्वारा लगातार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार वाटर टैंकर के माध्यम से नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है तथा बाढ़ के पानी से प्रभावित चापाकलों की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने के साथ ही हैलोजन टैबलेट डालकर पानी को शुद्ध भी किया जा रहा है।
वहीं, बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए राहत एवं आश्रय स्थलों सहित प्रभावित क्षेत्रों में अस्थायी शौचालयों का निर्माण भी कराया जा रहा है। जहां पहले से अस्थायी शौचालय उपलब्ध हैं, वहां उनकी नियमित सफाई एवं आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। जिला प्रशासन द्वारा राहत कार्यों के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता की सुविधाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जा रहा है।
Saharsa, Bihar | Oct 7, 2026