#बालाघाट
बिरसा से पहुंचे नमूनों की जांच में तेजी लाने रोग अनुसंधान प्रयोगशाला पहुंचे संयुक्त संचालक
चंदौरी गौशाला, कृत्रिम गर्भाधान केंद्र एवं पशु चिकित्सालय वारासिवनी का भी किया औचक निरीक्षण
संभागायुक्त जबलपुर श्री धनंजय कुमार सिंह के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त कलेक्टर (विकास) श्री अभिषेक सराफ की निगरानी में जिले में विभिन्न विभागों का शासकीय अमला बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित ग्रामों में स्टैंड बाय मोड में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. जे.पी. शिव भी जिले में पहुंचकर विभागीय व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। बिरसा क्षेत्र से प्राप्त जांच नमूनों की जांच प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से उन्होंने रोग अनुसंधान प्रयोगशाला पहुंचकर जांच की प्रगति की जानकारी ली।
संयुक्त संचालक डॉ. शिव ने पिछले दो दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा किया। रविवार को उन्होंने चंदौरी स्थित गौशाला एवं कृत्रिम गर्भाधान केंद्र तथा पशु चिकित्सालय वारासिवनी का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद वे अचानक रोग अनुसंधान प्रयोगशाला पहुंचे और बिरसा क्षेत्र से प्राप्त नमूनों की जांच की स्थिति, अब तक हुई प्रगति तथा आगे की कार्यवाही के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
इस दौरान उप-संचालक डॉ. घनश्याम परते भी उनके साथ मौजूद रहे। वे लगातार क्षेत्र में विभागीय अमले के साथ समन्वय बनाए रखते हुए व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों ने जांच प्रक्रिया में तेजी बनाए रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को सतर्कता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp #minprdd #WelfareTribal #minphemp #mp_husbandry