मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में ग्रामीणों को एचआईवी, एड्स की जानकारी देकर किया जागरूक
ग्राम कुम्हेरी में आईसीटीसी द्वारा ग्राम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत जौरा की ग्राम पंचायत कुम्हेरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आईसीटीसी सिविल हॉस्पिटल जौरा के परामर्शदाता श्री संदीप सेंगर ने उपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों को एचआईवी, एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया।
श्री संदीप सेंगर ने आईसीटीसी की कार्यप्रणाली, एचआईवी, एड्स संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय तथा संक्रमित व्यक्ति को दी जाने वाली एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी) के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही एसटीआई (यौन संचारित संक्रमण) से बचाव एवं उपचार के संबंध में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को विशेष रूप से प्रेरित किया गया कि वे गर्भधारण के प्रारंभिक चरण में, विशेषकर गर्भधारण के तीन माह के भीतर एचआईवी की जांच अवश्य कराएं, ताकि समय पर जांच एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर, जनपद पंचायत जौरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुलदीप श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार श्री हरिओम सिंह गुर्जर, उपयंत्री श्री आशीष दुबे, ग्राम पंचायत सरपंच श्री दिनेश गिरी, सचिव श्री देवेन्द्र सिंह राजपूत सहित सिविल हॉस्पिटल जौरा, स्वास्थ्य विभाग से बीपीएम श्री महेन्द्र पाल सिंह, बीसीएम श्रीमती मधु सेमिल, एलएचवी श्रीमती उमा यादव, सीएचओ श्री विजय शर्मा, श्री शैलेन्द्र शर्मा, श्री विवेक एवं एएनएम श्रीमती लक्ष्मी अर्गल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बीसीएस, बीएम, बीआरसीसी, एमआई, पटवारी, सुपरवाइजर, एई, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में एचआईवी, एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा समय पर जांच एवं उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh #JanVishwasAbhiyan2026