शासकीय महाविद्यालय जौरा में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित
शासकीय महाविद्यालय जौरा, जिला मुरैना की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने पौधारोपण के साथ-साथ महाविद्यालय परिसर को हानिकारक खरपतवार से मुक्त करने का अभियान भी चलाया।
भारत सरकार के एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर में फलदार, फूलदार, छायादार एवं औषधीय महत्व के विभिन्न पौधों का रोपण किया गया। पौधारोपण के उपरांत परिसर में गाजर घास उन्मूलन अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए हानिकारक गाजर घास (पार्थेनियम) को जड़ सहित उखाड़कर परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने में योगदान दिया।
कार्यक्रम में वनस्पति विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार पाठक ने कहा कि पेड़ पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं। इनके बिना मानव जीवन की कल्पना करना संभव नहीं है। उन्होंने पेड़ हैं तो कल है का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की रूपरेखा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी द्वारा प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर श्री हेमंत पाराशर, श्री प्रशांत शर्मा, श्री मुलायम सिंह, श्री अनिल माली सहित बड़ी संख्या में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh