उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ के तहत बाल गृह के बच्चों ने बनाई राखियों की प्रदर्शनी
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश माननीय नीना आशापुरे ने किया राखी प्रदर्शनी का शुभारंभ
माननीय उच्च न्यायालय एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ के अंतर्गत जिला न्यायालय रतलाम में राखी प्रदर्शनी एवं विक्रय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रतलाम माननीय श्रीमती नीना आशापुरे ने किया।
राखी प्रदर्शनी में बाल संप्रेक्षण गृह, देवप्रकाश संस्थान बाल गृह एवं निवेदिता बालिका गृह, रतलाम में निवासरत बच्चों द्वारा स्वयं तैयार की गई आकर्षक एवं कलात्मक राखियां विक्रय के लिए रखी गईं। प्रदर्शनी का आयोजन एडीआर भवन, जिला न्यायालय रतलाम में दोपहर 2:30 बजे तक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा। बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई राखियों को देखकर उपस्थित न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्तागण, पैनल एवं एलएडीसीएस अधिवक्तागण तथा पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और राखियां क्रय कीं।
इस अवसर पर बच्चों द्वारा तैयार की गई राखियों एवं अन्य हस्तनिर्मित सामग्री की सराहना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रतलाम के न्यायाधीश/सचिव श्री नीरज पवैया सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, अधिकारी-कर्मचारी एवं पैरालीगल वॉलेंटियर्स उपस्थित रहे।
#jansampark #ratlam