समाहरणालय, कैमूर*
=================
जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
==================
प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक 09.10.2026*
==================
कैमूर में दुर्गापूजा को लेकर अलर्ट मोड पर प्रशासन: डीएम-एसपी ने संवेदनशील इलाकों का लिया जायजा
दुर्गापूजा के अवसर पर कैमूर जिले के भभुआ अनुमंडल अंतर्गत चैनपुर प्रखंड के बिउर गांव, हरसू ब्रह्म मंदिर एवं सिकंदरपुर गांव तथा नगर पंचायत हाटा में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, कैमूर एवं पुलिस अधीक्षक, कैमूर द्वारा स्थलों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम चैनपुर प्रखंड अंतर्गत बिउर गांव का भ्रमण किया गया। शांति समिति एवं दुर्गापूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण तथा भीड़ प्रबंधन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात हरसू ब्रह्म मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर एवं पूजा पंडाल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पूजा की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
हाटा नगर पंचायत क्षेत्र में दुर्गापूजा की तैयारियों की समीक्षा की गई। साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, पेयजल की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण करते हुए जहां-जहां सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां तत्काल मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा के दौरान सभी निर्धारित विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने, आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने तथा विसर्जन के दौरान सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही, विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्था समय से पूर्ण करने को कहा गया।
तत्पश्चात सिकंदरपुर में पूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को जुलूस के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, निर्धारित मार्गों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।
साथ ही, पंचायतों में भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा खेल मैदान, सड़क, विद्यालयों से संबंधित समस्या एवं सुझाव जिला पदाधिकारी महोदय के समक्ष रखा गया। जिला पदाधिकारी द्वारा अंचलाधिकारी चैनपुर को भूमि रेखांकित कर अविलंब खेल मैदान इत्यादि चिन्हित करने के लिए निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, जुलूस मार्गों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण, सभी संबंधित क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था तथा प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दुर्गापूजा का पर्व शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
#Kaimur #DurgaPuja #BiharPolice #LawAndOrder #kaimurdm #सुरक्षा_व्यवस्था #kaimurpolice
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Kaimur, Bihar | Oct 9, 2026