समाहरणालय, कैमूर*
=================
जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
==================
प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक 07.10.2026*
==================
दुर्गा पूजा को लेकर कैमूर प्रशासन अलर्ट: डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, पंडालों में अनिवार्य होंगे सीसीटीवी और लाइसेंस
पूजा समितियों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश
आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 07.10.2026 को समाहरणालय स्थित माँ मुंडेश्वरी सभागार में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के वरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, शांति समिति के सम्मानित सदस्य, विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान शांति समिति एवं विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी बातें, सुझाव एवं स्थानीय समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। पदाधिकारियों ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सभी पूजा समितियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर विधिवत लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के कोई भी पंडाल या आयोजन संचालित नहीं किया जाएगा।
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के दृष्टिगत सभी प्रमुख पूजा पंडालों में अनिवार्य रूप से उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त अग्निशमन उपकरण स्थापित किए जाएं।
पूजा एवं विसर्जन के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। लाउडस्पीकर का उपयोग भी निर्धारित डेसिबल सीमा और तय समय तक ही अनुमन्य होगा।
असामाजिक तत्वों पर नजर रखने एवं महिला व बाल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूजा समितियां पहचान-पत्र युक्त सक्रिय वॉलंटियर्स (स्वयंसेवकों) की प्रतिनियुक्ति करेंगी।
साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे पैनी नजर रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर, अफवाह अथवा सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पर्व को आपसी भाईचारे और उल्लास के साथ मनाएं। नगर निगम/निकाय एवं विद्युत विभाग को पंडालों के आस-पास विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और लटकते तारों की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान पूरे जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। असमाजिक तत्वों एवं हुड़दंगियों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों, शांति समिति व पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर त्योहार को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने की अपील की।
#KaimurPolice #kaimurdm #kaimur #DurgaPuja2026 #PeaceCommittee #SafeDurgaPuja #samratchaudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
5 views | Kaimur, Bihar | Oct 7, 2026