अखाड़े में गूंजे दांव-पेंच, अजय शर्मा ने खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के रउरापार में आयोजित विराट कुश्ती दंगल में पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेंच और दमखम से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
दंगल में क्षेत्र के अलावा दूर-दराज से पहुंचे पहलवानों ने भी हिस्सा लिया। मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और खेल प्रेमी अखाड़े के आसपास मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अजय कुमार शर्मा ने पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अखाड़े में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके प्रदर्शन की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारी ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक खेलों का अहम हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है।
दंगल के दौरान पहलवानों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका हौसला बढ़ाया। अजय कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ना चाहिए। खेल अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास की भावना विकसित करते हैं।
आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। दंगल के समापन तक अखाड़े में दर्शकों का उत्साह बना रहा
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Oct 2, 2026