रक्तदान महादान, एक यूनिट रक्त बचा सकता है किसी की जिंदगी : डीएम
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर सीएचसी खलीलाबाद के ब्लड बैंक पहुंचे जिलाधिकारी, रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह
खलीलाबाद। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिलाधिकारी अनुज मलिक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद स्थित ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान की व्यवस्था का जायजा लेते हुए रक्तदाताओं से मुलाकात की और उनके इस पुनीत कार्य की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को जानकारी दी गई कि स्वैच्छिक रक्तदाता वंशबहादुर सिंह ने 30वीं बार तथा अभिषेक त्रिपाठी ने 24वीं बार रक्तदान किया है। जिलाधिकारी ने दोनों रक्तदाताओं के समर्पण की सराहना करते हुए अन्य लोगों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने ब्लड बैंक में रक्त के सुरक्षित भंडारण, रेफ्रिजरेशन सिस्टम, साफ-सफाई तथा उपलब्ध रक्त यूनिटों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख ब्लड ग्रुप का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित रखा जाए। साथ ही रक्तदाताओं की सुविधा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है। स्वस्थ एवं सक्षम लोगों को आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान में भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने नियमित रक्तदाताओं के योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम के दौरान ब्लड बैंक प्रभारी, चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।