रजत पदक विजेता बसंत मेघवाल को 5 लाख की आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी का आश्वासन
विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले अनूपगढ़ के एथलीट बसंत कुमार मेघवाल के लिए आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी की सौगात सामने आई है।
ग्राम पंचायत 12 A के प्रशासक वासुदेव जनागल और पंकज खण्ड ने बताया कि दिल्ली में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात के दौरान बसंत कुमार की उपलब्धियों और उनके भविष्य को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने तथा उचित सरकारी नौकरी दिलाने का आग्रह किया गया।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने बसंत कुमार मेघवाल से दूरभाष पर बातचीत की और 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने तथा उचित सरकारी नौकरी दिलाने की दिशा में सहयोग का आश्वासन दिया।
बसंत की उपलब्धि के बाद क्षेत्र में लगातार उनके सम्मान और उत्साहवर्धन का सिलसिला जारी है। अब आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी के आश्वासन से उनके परिवार एवं खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। समर्थकों ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का आभार जताते हुए इसे युवा खिलाड़ी के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
Anupgarh, Ganganagar | Aug 21, 2026