सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में उरई के जेल रोड पर रामकुंड से बस स्टैंड तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
उरई (जालौन)। शहर की प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर पालिका परिषद ने मंगलवार देर शाम अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम ने जेल रोड पर रामकुंड से बस स्टैंड तक सड़क और फुटपाथ पर किए गए कब्जों को हटाया। कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग स्वयं अपना सामान समेटने लगे।
अभियान के दौरान सड़क किनारे लगीं रेहड़ी-पटरी, अस्थायी दुकानें, अवैध होर्डिंग्स और सड़क पर फैला सामान हटाया गया। कई स्थानों पर फुटपाथ और सड़क किनारे का रास्ता खाली कराकर आवागमन सुचारु कराने का प्रयास किया गया। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार अभियान से पहले अतिक्रमणकारियों को सार्वजनिक स्थानों और सड़क पर किए गए कब्जे हटाने की चेतावनी दी गई थी। निर्धारित समय के बावजूद कब्जे नहीं हटाए जाने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान जेल रोड पर कुछ देर तक हलचल रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ राहगीरों को अतिक्रमण से होने वाली परेशानी से राहत दिलाना है।
सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के साथ सीओ सिटी राजीव कुमार शर्मा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील समेत अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।