Public App Logo
फैक्ट्री एरिया में छिपा रखी थीं चोरी की बाइकें, 15 वाहन बरामद: 2 आरोपी गिरफ्तार उरई में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार; झांसी, दतिया, शिवपुरी समेत कई जिलों में करते थे रेकी उरई। मोटरसाइकिल चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच उरई कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर 14 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत 15 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों में 13 के जनपद जालौन समेत विभिन्न जनपदों में चोरी के मामलों से जुड़े होने की पुष्टि हुई है। पुलिस लाइन में मंगलवार को मामले की जानकारी देते हुए एसपी विनय कुमार सिंह और एएसपी डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 अगस्त को उरई कोतवाली पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वाहन चोरी में सक्रिय दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी के वाहनों का जखीरा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आनंद निवासी महुआखेड़ा, झांसी और मोनू यादव निवासी राजापुर, झांसी के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी झांसी के साथ-साथ जालौन, ललितपुर, हमीरपुर, दतिया और शिवपुरी आदि जिलों में बाइक चोरी के लिए स्थानों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही मास्टर चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोलकर वाहन लेकर फरार हो जाते थे। चोरी के बाद वाहनों को तत्काल बेचने के बजाय उरई के फैक्ट्री एरिया में सुनसान स्थान पर छिपाकर रखा जाता था। ग्राहक मिलने पर बाइक का सौदा किया जाता था। पुलिस के मुताबिक चोरी की बाइक करीब 20 से 25 हजार रुपये में बेची जाती थी। जांच में गिरफ्तार आरोपी आनंद का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ झांसी जिले के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में 18 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ बड़ागांव, गुरसराय, मोठ, नवाबाद, प्रेमनगर, रक्सा, सदर बाजार और सीपरी बाजार थानों में मामले दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तारी व बरामदगी के मामले में दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। बरामद 15 वाहनों का संबंधित जिलों के चोरी के मुकदमों से सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के वाहन खपाने वालों और खरीदारों की तलाश में जुटी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - Orai News