उद्यम सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न
स्व-सहायता समूहों की 30 महिलाओं ने लिया प्रशिक्षण, प्रमाण-पत्र वितरित
ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सेंट आरसेटी, मुरैना द्वारा आयोजित सामान्य उद्यमिता विकास एवं उद्यम सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। छह दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 12 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 30 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को उद्यमिता विकास, स्वरोजगार के अवसरों, बैंकिंग सेवाओं, व्यवसाय प्रबंधन, वित्तीय साक्षरता एवं विपणन संबंधी महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उन्हें छोटे उद्यम स्थापित करने, व्यवसाय संचालन की व्यवहारिक समझ विकसित करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
समापन सत्र में अग्रणी जिला प्रबंधक श्री सिद्धार्थ कुमार ने महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय प्रबंधन एवं विपणन रणनीतियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को सुदृढ़ एवं लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक श्री सिद्धार्थ कुमार एवं सेंट आरसेटी, मुरैना के निदेशक श्री मुनीश्वर शाक्य ने सभी 30 प्रशिक्षणार्थी महिलाओं को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किए। अतिथियों ने महिलाओं के उत्साह एवं सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने और सफल उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर सेंट आरसेटी, मुरैना के फैकल्टी श्री सचिन बंसल एवं अटेंडर श्री धनश्याम जाटव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल उद्यमी जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh