वॉटर मैनेजमेंट से बड़ी मात्रा में पानी के दुरुपयोग को रोका जा सकता है : श्री सुधींद्र मोहन शर्मा
पीजी कॉलेज में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू विद्यार्थियों को बताए जीवन में सफलता के मंत्र
===========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, छिंदवाड़ा द्वारा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय पीजी महाविद्यालय, छिंदवाड़ा में प्रेरक व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब इंदौर से पधारे ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर रोटेरियन श्री सुधींद्र मोहन शर्मा ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
अपने उद्बोधन में श्री शर्मा ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य का निर्धारण और उस पर एकाग्रचित्त होकर कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। यदि व्यक्ति अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर प्रयास करता है तो सफलता अवश्य प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास एवं सकारात्मक सोच के महत्व से भी अवगत कराया। वॉटर मैनेजमेंट पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जागरूकता एवं बेहतर प्रबंधन के माध्यम से बड़ी मात्रा में पानी के दुरुपयोग को रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि दैनिक जीवन की छोटी-छोटी आदतों में सुधार कर लाखों लीटर पानी की बचत संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
श्री शर्मा ने समाज कार्य के विद्यार्थियों को ग्रामीण क्षेत्रों में किए जाने वाले पीआरए (Participatory Rural Appraisal) की उपयोगिता एवं प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्राम विकास की योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने फिल्म लगान का उदाहरण देते हुए टीम भावना, समावेशी नेतृत्व और सामुदायिक सहभागिता के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने परिषद द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी प्रदान की। रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटेरियनश्री विनीत पटौदी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि श्री सुधींद्र मोहन शर्मा का मार्गदर्शन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता के निर्माण में उपयोगी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन श्री विनोद तिवारी, सचिव श्री जयेश गुप्ता, श्री अमित मक्कड़, जन अभियान परिषद की परामर्शदाता श्रीमती लता नागले, श्रीमती तृप्ति सिंह, श्री आशीष साहू सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रोटेरियन श्री विनोद तिवारी ने तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती लता नागले ने किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री एवं पाठ्यक्रम संबंधी पुस्तकें भी वितरित की गईं।
28 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Aug 31, 2026