मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत मथुरा-वृंदावन तीर्थ यात्रा के लिए छिंदवाड़ा से 196 तीर्थ यात्री रवाना
सांसद श्री साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुष्पमाला पहनाकर शुभकामनाओं के साथ तीर्थ यात्रियों को किया रवाना
===============================================================
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत रविवार को छिंदवाड़ा रेल्वे स्टेशन से जिले के 196 यात्रियों को लेकर मथुरा-वृंदावन तीर्थ स्थल के लिये विशेष ट्रेन रवाना हुई। छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सांसद श्री विवेक बंटी साहू व अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थ यात्रियों की ट्रेन को रवाना किया।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सांसद श्री साहू ने रेलवे स्टेशन छिंदवाड़ा पर तीर्थ यात्रियों का पुष्पमाला से स्वागत किया तथा सभी वरिष्ठ तीर्थ यात्रियों को मथुरा-वृंदावन की पावन तीर्थ यात्रा के लिए मंगलमय एवं सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
तीर्थ यात्रा में छिंदवाड़ा जिले से 196 तीर्थ यात्री, 4 अनुरक्षक, 1 चिकित्सक, 1 फार्मासिस्ट एवं 5 सुरक्षाकर्मी यात्रियों की सुविधा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए साथ रवाना हुए हैं। यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित दल भी उनके साथ रहेगा। इस विशेष तीर्थ यात्रा में छिंदवाड़ा जिले के साथ-साथ सिवनी, पांढुर्णा एवं बैतूल जिले के तीर्थ यात्री भी सम्मिलित होकर मथुरा-वृंदावन के पावन तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिये रवाना हुए हैं। तीर्थ यात्रियों के प्रस्थान के अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन और डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी धर्मस्व श्री राहुल कुमार पटेल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन द्वारा तीर्थ यात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
11 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Aug 30, 2026