समाहरणालय, कैमूर*
=================
जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
==================
प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक 01.10.2026*
==================
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिलास्तर एवं प्रखंड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित/वृद्धजनों की सुरक्षा एवं अधिकार को सुरक्षित रखने का लिया गया संकल्प/युवाओं को दिलाई गई नशा मुक्त भारत अभियान में शामिल हो होने की शपथ
आज 01 अक्टूबर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार, नई दिल्ली, समाज कल्याण विभाग, बिहार, पटना एवं जिला प्रशासन, कैमूर के संयुक्त तत्वावधान में जिलास्तर एवं प्रखंडस्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का मुख्य संदेश “सक्रिय एवं स्वस्थ वृद्धावस्था, इंटरजेनरेशनल बॉन्डिंग तथा वृद्धजनों के अधिकार एवं कल्याण के प्रति जन-जागरूकता” रखा गया।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री कुमार अनुराग एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा भी जिला के सभी वृद्धजनों को बधाई दी गई है। साथ ही जन-जन को बुजुर्गों के अधिकार संरक्षण तथा कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया गया है।
जिला में जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार मुख्य कार्यक्रम पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय भभुआ में आयोजित किया गया जहां बड़ी संख्या में वृद्ध, युवा छात्र-छात्राएं एवं आमजन शामिल हुए।
जिलास्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री रोहित कर्दम, उप विकास आयुक्त, कैमूर शामिल हुए । कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), कैमूर,अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, स्थापना उप समाहर्ता, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, भभुआ सहित अन्य पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक, युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जिले के वरिष्ठ नागरिकों एवं वृद्धजन कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित कर की गई। इस क्रम में श्री राजेंद्र प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष, पेंशनर संघ, कैमूर एवं श्री बाबूलाल चौबे, संगठन सचिव, चैनपुर को सम्मानित किया गया। वृद्धजनों के कल्याण एवं उन्हें विभिन्न योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने के क्षेत्र में कार्य करने के लिए श्रीमती मीरा देवी, BDC, भभुआ तथा श्री दिलीप कुमार, जिला संगठन आयुक्त, भारत स्काउट एंड गाइड, कैमूर को भी सम्मानित किया गया।
इसके पश्चात दिनांक 30 सितंबर को जिले के विद्यालयों में “हमारे बुजुर्ग : न्याय, संरक्षण एवं सम्मान” विषय पर आयोजित पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा वृद्धजनों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता की भावना विकसित करने के उनके प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त, कैमूर श्री रोहित कर्दम ने कहा कि वृद्धजनों के अधिकारों एवं सम्मान के प्रति केवल प्रशासनिक स्तर पर ही नहीं, बल्कि जन-जन के बीच जागरूकता एवं संवेदनशीलता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इंटरजेनरेशनल बॉन्डिंग तथा स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही वृद्धजनों को उनका उचित सम्मान, संरक्षण एवं अधिकार सुनिश्चित किया जा सकता है।
उप विकास आयुक्त ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के अंतर्गत गठित अधिकरण/ट्रिब्यूनल के कार्यों तथा अधिनियम में किए गए भरण-पोषण एवं दंड संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं करने की स्थिति में अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त द्वारा वृद्धजनों के अधिकार, सम्मान एवं कल्याण को सुनिश्चित करने तथा उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार के लिए उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई गई। साथ ही नशा मुक्त भारत अभियान से जुड़ने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने हेतु भी शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी, भभुआ ने वृद्धजनों, युवा छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रमुख प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अनुमंडल स्तरीय अधिकरण के कार्य एवं प्रक्रिया तथा वृद्धजनों के अधिकारों की रक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के संबंध में भी जानकारी साझा किया।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 एवं 21 में निहित समानता तथा सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार रखता है। उन्होंने वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण, कैमूर एवं सिविल सर्जन, कैमूर द्वारा भी वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का भाव रखने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के सामाजिक, स्वास्थ्य एवं कल्याण संबंधी आवश्यकताओं के प्रति परिवार एवं समाज के प्रत्येक सदस्य को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, उनके अधिकारों, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विषयों पर भी जागरूकता प्रदान की गई।
इस अवसर पर वृद्ध जनों के अधिकार एवं कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए नुक्कड़ मंडली की टीम ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। हस्ताक्षर कैंपेन भी चलाया गया। साथ ही विशिष्ट अतिथियों एवं वृद्धजनों के द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम स्थल पर वृद्धजनों हेतु पेंशन हेल्प डेस्क एवं हेल्थ चेकअप कैंप भी लगाया गया।
कार्यक्रम का संयोजन श्रीमती पूनम कुमारी, सहायक निदेशक, जिला समाज सुरक्षा कोषांग, कैमूर द्वारा किया गया। जिलास्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जागरूकता एवं सम्मान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
#kaimur #kaimurdm #SeniorCitizensDay #NashaMuktBharatAbhiyaan #SocialWelfareBihar #SamastKaimur #samratchoudhary #CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Kaimur, Bihar | Oct 5, 2026