समाहरणालय, कैमूर*
=================
जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
==================
प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक 02.10.2026*
==================
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर समाहरणालय में किया गया उनको नमन; शिक्षा विभाग के कला जत्था दल को विभिन्न जगहों हेतु किया गया रवाना
आज दिनांक 02 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के पावन अवसर पर समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी, कैमूर की अध्यक्षता में विशेष नमन एवं संकल्प सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत समाहरणालय परिसर में स्थापित दोनों महापुरुषों के चित्रों पर जिला पदाधिकारी सहित जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर नमन करने के साथ हुई।
इस अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बापू और शास्त्री जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
सत्य, अहिंसा और सादगी के मूल्यों को जीवन में उतारने का आह्वान उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री जी का 'जय जवान, जय किसान' का नारा, उनकी निष्ठा और सादगी आज भी राष्ट्र निर्माण में हमारे सबसे बड़े मार्गदर्शक हैं। प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा ही इन महापुरुषों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।
जागरूकता हेतु कला जत्था (नुक्कड़ नाटक दल) रवाना कार्यक्रम के उपरांत शिक्षा विभाग द्वारा गठित कला जत्था की नुक्कड़ नाटक की टीम को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।
नुक्कड़ नाटक की टीम की प्रस्तुति भी समाहरणालय परिसर में देखी गई जहां उनके द्वारा नशा मुक्त भारत, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया एवं 24x7 ऑनलाइन क्लासेज के बारे में गीत एवं नाटक के माध्यम से संदेश को सांझा किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत यह कला जत्था जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और चौराहों—जैसे भभुआ स्थित एकता चौक, चांदनी चौक तथा मोहनिया अनुमंडल के प्रमुख चौक-चौराहों—पर जाकर जन-जागरूकता अभियान चलाएगा। टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक, प्रेरणादायी संवाद और गीतों के माध्यम से:
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों, विचारों एवं स्वच्छता संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
आम नागरिकों को राज्य सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों, विकास योजनाओं एवं सामाजिक सुधार अभियानों की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी , वरीय उप समाहर्ता, सामान्य शाखा सहित जिला प्रशासन के सभी वरीय एवं कनीय पदाधिकारी तथा समाहरणालय कर्मी उपस्थित रहे।
#GandhiJayanti #LalBahadurShastriJayanti #Kaimur #NukkadNatak #SwachhBharat #SewaSankalp #kaimurdm #kaimur
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Kaimur, Bihar | Oct 5, 2026