समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 08 अक्टूबर 2026
प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में बक्सर का शानदार प्रदर्शन, 28 स्वर्ण सहित कुल 80 पदक प्राप्त कर लहराया परचम
फुटबॉल, हॉकी एवं कबड्डी में पटना की टीमों को पराजित कर बक्सर की टीमों ने हासिल किया विजेता का खिताब
पटना में आयोजित स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 में बक्सर जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रमंडल स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया। बक्सर के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में तीसरे दिन तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 80 पदक, जिसमें 28 स्वर्ण, 32 रजत एवं 20 कांस्य पदक शामिल हैं, प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यालयी छात्र-छात्राओं में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान करना, उन्हें बेहतर मंच प्रदान करना तथा राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिता में बक्सर जिले के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराते हुए विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, हॉकी, बॉक्सिंग, कुश्ती सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने भाग लिया।
बक्सर के खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रतियोगिता में हॉकी अंडर-14 बालक वर्ग में बक्सर की टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया। वहीं हॉकी अंडर-19 बालिका वर्ग में भी बक्सर की टीम विजेता रही।
फुटबॉल अंडर-19 बालक वर्ग में बक्सर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पटना की टीम को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं फुटबॉल अंडर-17 बालक वर्ग में बक्सर की टीम उप विजेता रही।
कबड्डी अंडर-14 बालक वर्ग में बक्सर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि कबड्डी अंडर-19 बालिका वर्ग में बक्सर की टीम उपविजेता रही।
इसी प्रकार वॉलीबॉल अंडर-19 बालक वर्ग में भी बक्सर की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
व्यक्तिगत खेल विधाओं में भी शानदार उपलब्धि
व्यक्तिगत खेल विधाओं में भी बक्सर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स के बालक एवं बालिका वर्ग में बक्सर के खिलाड़ियों ने 06 स्वर्ण, 04 रजत एवं 09 कांस्य पदक प्राप्त किए।
बैडमिंटन में 01 रजत पदक तथा भारोत्तोलन में 01 स्वर्ण एवं 02 रजत पदक प्राप्त हुए। बास्केटबॉल अंडर-14 बालक वर्ग में बक्सर की टीम ने रजत पदक हासिल किया।
कुश्ती में बक्सर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 06 स्वर्ण, 06 रजत एवं 05 कांस्य पदक प्राप्त किए। वहीं जूडो में खिलाड़ियों ने 02 स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
ताइक्वांडो के बालक एवं बालिका वर्ग में बक्सर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 06 स्वर्ण, 04 रजत एवं 03 कांस्य पदक हासिल किए।
वहीं वुशु बालिका वर्ग में बक्सर की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 03 स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
इस प्रकार बक्सर जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 स्वर्ण, 32 रजत एवं 20 कांस्य सहित कुल 80 पदक प्राप्त कर प्रमंडल स्तर पर बक्सर का परचम लहराया।
बक्सर के खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर जिला पदाधिकारी, बक्सर, श्रीमती साहिला द्वारा सभी विजेता एवं पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों तथा संबंधित खेल पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं।
जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बक्सर जिले के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कुशल खेल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन एवं निरंतर अभ्यास से जिले के खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बक्सर एवं बिहार का नाम रोशन करेंगे।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Samrat Choudhary Buxar Administration Buxar Police CMO Bihar जिला प्रशासन बक्सर Bihar State Sports Authority - BSSA #samrat4bjp #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #buxarcity #CMOBihar #bihar #buxar
Buxar, Bihar | Oct 8, 2026