प्रेस विज्ञप्ति
गया जी। 07 अक्टूबर 2026
अवैध खनन, परिवहन, ओवरलोडिंग एवं भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश
15 अक्टूबर से बालू घाटों के संचालन के साथ सभी घाटों पर सतत निगरानी रखने का निर्देश
गया जी, 07 अक्टूबर 2026, माननीय प्रभारी मंत्री, गया जिला सह कृषि मंत्री, बिहार सरकार श्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आज जिला अतिथि गृह, गया में अवैध खनन की रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी, गया एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, गया सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में माननीय प्रभारी मंत्री ने अवैध खनन, अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध खनन की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन, पुलिस एवं खनन विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्रवाई करें।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि 15 अक्टूबर 2026 से बालू घाटों के प्रारंभ होने के साथ ही सभी संबंधित बालू घाटों पर सतत निगरानी रखी जाए। बालू घाटों से आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच की जाए तथा वैध चालान एवं आवश्यक कागजातों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में खनिज विकास पदाधिकारी, गया द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर 2026 तक कुल 4901.31 लाख रुपये राजस्व का संग्रह किया गया है। यह राशि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सितंबर 2025 तक प्राप्त राजस्व की तुलना में 1435.84 लाख रुपये अधिक है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में अवैध खनन, परिवहन, ओवरलोडिंग एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अब तक 1050 छापेमारी की गई है। कार्रवाई के दौरान 292 वाहनों को जब्त, 59 व्यक्तियों को गिरफ्तार तथा 176 प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही, जुर्माने के रूप में निर्धारित वार्षिक लक्ष्य 816.65 लाख रुपये के विरुद्ध अब तक 376.32 लाख रुपये की वसूली सुनिश्चित की गई है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि अवैध खनन, अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग एवं अवैध भंडारण तथा खनन संबंधी नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
CMO Bihar Press Information Bureau - PIB, Government of India Samrat Choudhary VIJAY KUMAR SINHA Home Department, Govt. of Bihar DD News Bihar PMO India Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#gaya #bihar #GoodGovernance #changemakers
Gaya, Bihar | Oct 7, 2026