प्रेस विज्ञप्ति
गया जी। 07 अक्टूबर 2026
पितृपक्ष मेला 2026 की व्यवस्थाओं की प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा
शेष बचे दिनों में तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश
गया जी, 07 अक्टूबर 2026, माननीय प्रभारी मंत्री, गया जिला-सह कृषि मंत्री, बिहार सरकार श्री विजय कुमार सिन्हा ने आज जिला अतिथि गृह, गया में जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक गया श्री सुशील कुमार के साथ पितृपक्ष मेला 2026 के दौरान तीर्थयात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं प्राप्त फीडबैक की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान माननीय प्रभारी मंत्री ने कहा कि पितृपक्ष मेला अब समापन की ओर है। इसके बावजूद शेष बचे दिनों में व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित पदाधिकारी निरंतर मेला क्षेत्र का निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते रहें, ताकि देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने तीर्थयात्रियों के लिए बनाए गए विभिन्न आवासन स्थलों की नियमित जांच कराने तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवासन स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए।
माननीय मंत्री ने शहरी क्षेत्र एवं मेला क्षेत्र में खुले में मांस-मछली की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित कराने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेला क्षेत्र एवं शहर में कहीं भी खुले में मांस-मछली की बिक्री नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शहर एवं मेला क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता को और बेहतर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्याऊ सुचारू रूप से संचालित रहें तथा कोई भी प्याऊ बंद नहीं रहना चाहिए।
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा के दौरान माननीय मंत्री ने कहा कि पितृपक्ष मेला में लाखों की संख्या में तीर्थयात्रियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने शेष बचे दिनों में भी तीर्थयात्रियों को निरंतर एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
माननीय प्रभारी मंत्री ने कहा कि पितृपक्ष मेला 2026 में इस वर्ष 40 लाख से अधिक तीर्थयात्री गया जी पहुंचे हैं और अपने पितरों का तर्पण किया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों का आगमन हुआ है। राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने कहा कि मेला अब समापन की ओर है, लेकिन शेष दिनों में भी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं, ताकि गया जी आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री सुखद अनुभूति के साथ अपने घर लौटे।
पहली बार बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए सुरक्षा रिस्ट बैंड की व्यवस्था
माननीय मंत्री ने कहा कि इस वर्ष पितृपक्ष मेला में पहली बार बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए सुरक्षा रिस्ट बैंड की व्यवस्था की गई है। भीड़ के दौरान अपने माता-पिता अथवा परिजनों से बिछड़ जाने वाले बच्चों एवं बुजुर्गों को उनके परिजनों से मिलाने में यह व्यवस्था काफी उपयोगी साबित हुई है। अब तक 12,000 से अधिक बच्चों एवं बुजुर्गों को सुरक्षा रिस्ट बैंड पहनाया गया है।
AI आधारित भाषा अनुवाद सुविधा से 90 हजार से अधिक तीर्थयात्री लाभान्वित
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों एवं विदेशों से आने वाले ऐसे तीर्थयात्रियों, जिन्हें स्थानीय भाषा समझने में कठिनाई होती थी, उनकी सुविधा के लिए इस वर्ष पहली बार AI आधारित भाषा अनुवाद की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस व्यवस्था के माध्यम से अब तक 90,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने भाषा अनुवाद सुविधा का लाभ उठाया है।
माननीय मंत्री ने कहा कि पितृपक्ष मेला के दौरान आधुनिक तकनीक के उपयोग से तीर्थयात्रियों को बेहतर, सुगम एवं सुरक्षित सेवाएं उपलब्ध कराने में काफी सहायता मिली है। उन्होंने शेष अवधि में भी सभी विभागों एवं संबंधित पदाधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करते हुए मेला व्यवस्था को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया।
VIJAY KUMAR SINHA Samrat Choudhary CMO Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar Department of Tourism, Government of Bihar DD News Bihar Home Department, Govt. of Bihar Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar All India Radio News पितृपक्ष महासंगम PMO India MyGovIndia
#gaya #bihar #pitrapaksh #pilgrimage
Gaya, Bihar | Oct 7, 2026