*मैहर गौरव दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां*
*स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों और नन्हे-मुन्ने बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां*
*सांसद श्री सिंह, विधायक श्री चतुर्वेदी कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी की उपस्थित में आयोजिय हुआ कार्यक्रम*
मैहर, 5 अक्टूबर 2026। मैहर गौरव दिवस 2026 के अवसर पर आज मैहर खेल मैदान में मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों, छात्र-छात्राओं एवं नन्हे-मुन्ने बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित नगरवासियों का मन मोह लिया। देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान खेल मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद श्री गणेश सिंह, विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी एवं कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रामखेलावन कोल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोनी, पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष श्री कमलेश सुहाने, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तारा पटेल, श्रीमती जयंती तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा फैशन शो आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के अंतर्गत कथक नृत्य की विशेष प्रस्तुति श्री मालती श्याम के निर्देशन में बादल बैरिहा, सुश्री सीमा श्रीवास्तव एवं साथी कलाकारों द्वारा दी गई। लगभग 60 मिनट की इस प्रस्तुति में कथक नृत्य की शास्त्रीय परंपरा और भाव-भंगिमाओं का सुंदर प्रदर्शन कराए गए।
इसी क्रम में विशेष आमंत्रित कलाकार डॉ. विनोद मिश्रा एवं उनकी टीम द्वारा शास्त्रीय एवं सुगम संगीत गायन में मां शारदा देवी पर भजन, शिव स्तुति एवं अन्य संगीत प्रस्तुतियां दी गई।
विद्यालयों के छात्र छात्राओं द्वारा लोक एवं शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति शासकीय सांदीपनि विद्यालय मैहर के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना नृत्य प्रस्तुत किया गया। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मैहर के विद्यार्थी आदिवासी नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
इसी प्रकार स्वामी नीलकंठ विद्यापीठ जीतनगर मैहर द्वारा कजरी नृत्य, स्मारक नवदीप विद्यालय मैहर द्वारा राजस्थानी नृत्य तथा नेता जी सुभाषचन्द्र बोस बालिका छात्रावास मैहर की छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ी परंपरा पर आधारित नृत्य प्रस्तुत दी गई।
इसके अतिरिक्त शासकीय सांदीपनि विद्यालय अमरपाटन द्वारा मारवाड़ी लोक नृत्य तथा शासकीय विवेकानंद महाविद्यालय मैहर द्वारा नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
गौरव दिवस के अवसर पर विद्यालयों में आयोजित जिला स्तरीय खेल एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। रंगोली, मेहंदी, सलाद डेकोरेशन, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल एवं फ्लावर डेकोरेशन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा एवं नगर वासियों द्वारा खाने के स्टाल लगाए गए थे।
मैहर गौरव दिवस का यह आयोजन कला, संस्कृति, खेल और प्रतिभा का सुंदर संगम बना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे और देर रात तक कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों से उत्साहित दर्शकों की तालियों की गूंज से पूरा खेल प्रांगण उल्लास और उत्सव के माहौल में सराबोर रहा।
Raghurajnagar Nagareey, Satna | Oct 5, 2026