#चित्रकूट
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की 122वीं जयंती के अवसर पर जनपद में दोनों महान विभूतियों को जिला अधिकारी पुलकित गर्ग, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चंद्रशेखर, अपर जिलाधिकारी न्यायिक स्वप्निल कुमार यादव सहित कलक्ट्रेट के कर्मचारी व अधिकारियों द्वारा श्रद्धापूर्वक नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, त्याग एवं सत्याग्रह के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा प्रदान की, वहीं श्री लाल बहादुर शास्त्री जी ने अपने सरल, सादगीपूर्ण एवं अनुकरणीय जीवन तथा ‘जय जवान, जय किसान’ के प्रेरणादायी मंत्र के माध्यम से देश के सैनिकों एवं किसानों के सम्मान तथा राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियों के विचार, आदर्श एवं जीवन-मूल्य आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों एवं सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।