प्रेमनगर में गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, मारपीट के बाद पिस्टल दिखाकर धमकाया; तीन आरोपी गिरफ्तार
प्रेमनगर क्षेत्र में सड़क पर गाड़ी हटाने को लेकर हुआ विवाद मारपीट और पिस्टल दिखाकर धमकाने तक पहुंच गया। नेक्स्ट हॉस्टल के पास दो पक्षों के बीच हुए इस विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें एक युवक डंडा और दूसरा पिस्टल लिए दिखाई दिया। जांच में सामने आया कि बस चालक और फॉर्च्यूनर सवार युवकों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी, जिसमें एक आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर दूसरे पक्ष को डराने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, डंडा और घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए पिस्टल के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।