Public App Logo
सोलर पैनल लगाने में तेजी लाने का निर्देश जहानाबाद। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन में तेजी लाने को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने सोमवार को सोलर वेंडरों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने वेंडरवार इंस्टॉलेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाले वेंडरों को लंबित आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई कर काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। डीएम ने सभी कनीय विद्युत अभियंताओं को संबंधित सोलर वेंडरों के स्टोर का निरीक्षण कर सोलर पैनल, इन्वर्टर समेत अन्य आवश्यक सामग्रियों के स्टॉक का सत्यापन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामग्री की कमी के कारण इंस्टॉलेशन का काम प्रभावित नहीं होना चाहिए। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले तथा कार्य में रुचि नहीं दिखाने वाले वेंडरों को नए आवेदनों के चयन में प्राथमिकता नहीं देने का निर्देश दिया गया। वहीं, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने वाले वेंडरों के लिए उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने को कहा गया। डीएम ने योजना से जुड़े बैंक ऋण के मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित बैंकों के साथ समन्वय कर ऋण स्वीकृति में लगने वाले समय को कम करने का निर्देश दिया, ताकि इच्छुक उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगवाने में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी और वेंडर आपसी समन्वय से पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से कार्य सुनिश्चित करें। बैठक में उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता विद्युत, सभी कनीय विद्युत अभियंता एवं सोलर वेंडर उपस्थित थे। - Jehanabad News