इटली मूल की महिला को शादी का झांसा देकर एवं AI वीडियो बनाने के काम में प्रयोग करने के नाम पर (900 यूरो) करीब 98 हजार रुपयों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
कब्जा से वारदात में प्रयोग किया गया 1 मोबाइल फोन बरामद।
पीड़िता ने इटली से गुरुग्राम आकर गुरुग्राम पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता, व्यवहार व पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए किया धन्यवाद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 2 अक्टूबर । इटली मूल की महिला को शादी करने का झांसा देकर तथा AI वीडियो बनाने के काम के लिए (900 यूरो) करीब 98 हजार रुपयों की ठगी करने के मामले में पुलिस थाना साईबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा प्रभावी एवं त्वरित कार्यवाही करते हुए इस ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को काबू करके नियमानुसार गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
शोसल मीडया के माध्यम से गुरुग्राम से सम्पर्क किया स्थापित
इटली मूल की एक महिला द्वारा जुलाई-2026 में इंस्टाग्राम के माध्यम से सहायक पुलिस आयुक्त, साईबर अपराध, गुरुग्राम श्री गौरव फोगाट से संपर्क करके बताया कि गुरुग्राम निवासी एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया के माध्यम से इससे संपर्क करके इसको शादी करने का झांसा दिया तथा AI वीडियो बनाने के नाम पर इससे रुपये ट्रांसफर करवाकर ठगी कर ली।
उपरोक्त संबंध में शिकायतकर्ता 28 सितंबर को इटली से गुरुग्राम पहुंची तथा सहायक पुलिस आयुक्त, साईबर अपराध, गुरुग्राम श्री गौरव फोगाट से मुलाकात करके एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी अखिल मौर्या नामक व्यक्ति से जान-पहचान हुई। अखिल ने स्वयं को AI फिल्म क्रिएटर बताते हुए दोस्ती की व इसके साथ शादी करने का झांसा देते हुए इससे (शिकायतकर्ता) अपने काम/AI वीडियो बनाने की बात कही तथा इससे रुपयों की मांग की तो इसने (पीड़िता/शिकायतकर्ता) Western Union के माध्यम से 4 अगस्त को 450 यूरो व 10 सितंबर को 450 यूरो भेज दिए। इस प्रकार उक्त व्यक्ति द्वारा इससे कुल 900 यूरो (लगभग 98,000 रुपये) की ठगी कर ली। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना साईबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना साईबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग में कार्यवाही करते हुए ठगी करने की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी अखिल (उम्र 36 वर्ष, शिक्षा B.Sc.), निवासी गांव बहादुरपुर, जिला आजमगढ़, उत्तर-प्रदेश वर्तमान निवासी सेक्टर-17, सुखराली, जिला गुरुग्राम, हरियाणा को 1 अक्टूबर को सेक्टर-17, गुरुग्राम से काबू करके अभियोग में नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी एक प्राइवेट कंपनी में टेक्निकल सपोर्ट का काम कर रहा था। जुलाई-2025 में इसकी नौकरी छूटने पर यह बेरोजगार हो गया और इसी दौरान आरोपी ने रुपयों के लालच में इटली की महिला (अभियोग में पीड़िता/शिकायतकर्ता) से इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क किया तथा उसे शादी का झांसा देकर एवं AI वीडियो बनाने के काम में प्रयोग करने के लिए 900 यूरो (लगभग 98,000 रुपये) ट्रांसफर करवाकर ठगी कर ली।
आरोपी ने उपरोक्त राशि इटली की महिला से Western Union के माध्यम से मंगवाई तथा जिला गुरुग्राम में Muthoot Finance के माध्यम से उक्त राशि अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई। बैंक चार्ज कटने के बाद आरोपी को बैंक खाते में 67,297/- रुपये प्राप्त हुए थे।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जा से वारदात में प्रयोग किया गया 1 मोबाईल फोन बरामद किया गया है तथा आरोपी से गहनता से पूछताछ करते हुए अभियोग में आगामी कार्यवाही की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।
उपरोक्त अभियोग में पीड़िता ने इटली से गुरुग्राम आकर गुरुग्राम पुलिस द्वारा की गई तत्पर, प्रभावी पेशेवर कार्यशैली सहित पुलिस टीम की संवेदनशीलता व व्यवहार की सराहना करते हुए धन्यवाद किया। गुरुग्राम पुलिस द्वारा महिला के अभिवादन को अपनी ड्यूटी समझकर सहजता से स्वीकार किया।