रिफॉर्म उत्सव पर जिले के विभिन्न गांवों में लगी विशेष ग्राम सभाएं, ग्रामीणों को जल संरक्षण बारे किया गया जागरूक
हिसार, 02 अक्टूबर।
रिफॉर्म उत्सव के उपलक्ष्य में शुक्रवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से जिले के विभिन्न गांवों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल, जल वितरण प्रणाली और वाटर क्वालिटी के बारे में जागरूक किया गया।
इसी कड़ी में बरवाला ब्लॉक की ग्राम पंचायत खेदड़ में आयोजित ग्राम सभा के दौरान कार्यकारी अभियंता एवं नोडल अधिकारी आदर्श सिंगला ने ग्रामीणों की पानी से संबंधित समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके समाधान के लिए कनिष्ठ अभियंता अनिल धतरवाल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी की बचत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ग्रामीणों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
विभाग के जिला सलाहकार बिनोद कुमार ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विभाग की जल वितरण प्रणाली और पेयजल की गुणवत्ता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि धरती पर पीने योग्य स्वच्छ पानी सीमित मात्रा में उपलब्ध है। ऐसे में जल संरक्षण को लेकर आज से ही गंभीरता से प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। वैज्ञानिक भी भविष्य में पानी की गंभीर स्थिति को लेकर लगातार चेतावनी दे रहे हैं, इसलिए समय रहते जल संरक्षण के प्रति जागरूक होना जरूरी है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत राजली, सिंधड़ और खानपुर में बीआरसी रमेश मलिक ने, हिसार प्रथम खंड के गांव मंगाली में कार्यकारी अभियंता बलकार रेड्डू ने, आदमपुर खंड के गांव सीसवाल में उपमंडल अभियंता रामकिशन जांगड़ा ने, सुंडावास में बीआरसी मनफूल सिंह ने, अग्रोहा ब्लॉक के गांव खासा महाजन में सुभाष भुक्कल तथा उकलाना खंड के गांव साहू में प्रदीप ढिल्लों ने जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को पानी की बचत और संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बीआरसी संदीप सिंह और कनिष्ठ अभियंता विनोद शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: रिफॉर्म उत्सव पर आयोजित ग्राम सभा में ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते अधिकारीगण।
Uklana, Hissar | Oct 2, 2026