सेवा संकल्प अभियान: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बरवाला में रक्तदाताओं को सराहा; नशा मुक्ति और "बेटी बचाओ" की दिलाई शपथ
बरवाला/हिसार, 2 अक्टूबर। प्रदेश में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को बरवाला के सिविल अस्पताल में “नागरिक सहभागिता सशक्तिकरण एवं सेवा वितरण” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया और रक्तदान करने वाले युवाओं व रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। रक्तदाताओं के सेवा भाव को नमन करते हुए उन्होंने कहा, "रक्तदान महादान है। रक्त की एक-एक बूंद के माध्यम से जरूरतमंदों का जीवन बचाने में अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले सभी रक्तदाता समाज में सबसे पुनीत और पुण्य का कार्य कर रहे हैं।"
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने अस्पताल परिसर में उपस्थित सभी अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक रहने तथा “बेटी बचाओ” के संकल्प की सामूहिक शपथ दिलवाई। उन्होंने जोर देकर कहा कि युवाओं को नशे की सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए एक स्वस्थ और मजबूत समाज का निर्माण करना हमारी प्राथमिकता है। इसके साथ ही, बेटियों के सम्मान, उनकी सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हम सभी को सामूहिक रूप से जिम्मेदारी उठाकर आगे बढ़ना होगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नागरिक सहभागिता से ही सशक्त समाज और निस्वार्थ जनसेवा से ही बेहतर भविष्य संभव है। उन्होंने बताया कि बरवाला में 50 बेड का नया अस्पताल मंजूर हो गया है। कैबिनेट मंत्री ने सभी से मिलकर नशामुक्त, बेटियों के सम्मान वाले स्वस्थ समाज के निर्माण की अपील की।
इस अवसर पर नगर परिषद चेयरमैन रमेश चंद्र बैटरी वाला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रत्ना भारती, पूर्व चेयरमैन रणधीर धीरू, देवेंद्र देव, डिप्टी सीएमओ डॉ. सुभाष खतरेजा सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Uklana, Hissar | Oct 2, 2026