ग्राम पंचायत हातौद में वृहद विधिक साक्षरता एवं समस्या निवारण शिविर आयोजित; आमजन को मिली विधिक सहायता और योजनाओं की जानकारी
समाज के अंतिम छोर तक खड़े व्यक्ति को निःशुल्क विधिक सहायता और शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाने का लिया गया संकल्प
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के आदेशानुसार तथा नालसा स्कीम के ग्रासरूट स्तर पर आयोजित होने वाले 60 दिवसीय मेगा ड्राइव जागरूकता अभियान के अंतर्गत शिवपुरी जिले की ग्राम पंचायत हातौद के ग्राम पंचायत भवन में एक वृहद विधिक साक्षरता एवं समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने की, जबकि संचालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी का विशेष समन्वय रहा।
वृहद शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस गरिमामयी अवसर पर विशेष न्यायाधीश श्री अशोक कुमार शर्मा, अपर कलेक्टर श्री दिनेश शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी श्री अनूप श्रीवास्तव, जनपद पंचायत शिवपुरी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सोनम जैन, सीएसपी श्री सचिन धुर्वे सहित अन्य प्रमुख प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह पहुँचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी नागरिक केवल गरीबी या किसी अन्य अक्षमता के कारण न्याय पाने से वंचित न रह जाए, इसके लिए प्राधिकरण सदैव तत्पर है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी ने उपस्थित ग्रामीणों को इस 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के उद्देश्यों से विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कई बार नागरिकों को अपने कानूनी अधिकारों और शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं की सही जानकारी न होने के कारण उनका लाभ नहीं मिल पाता है। इसी समस्या के समाधान और आमजन को कानूनी रूप से साक्षर करने के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री दिनेश शुक्ला ने बताया कि शिविर में शासन के समस्त प्रमुख विभागों द्वारा अपने-अपने काउंटर लगाए गए हैं, जहाँ अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित हैं। उन्होंने क्षेत्र के हितग्राहियों से अपील की कि वे इन काउंटरों पर पहुँचकर संबंधित योजनाओं और शासन की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें।
शिविर के दौरान शासन के विभिन्न प्रमुख विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को उनकी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और पात्र व्यक्तियों के आवश्यक दस्तावेज तैयार कराए। इस सफल आयोजन में पंचायत सचिव श्री वीर सिंह गुर्जर, रोजगार सहायक श्री मिलिट्री सिंह, पैरालीगल वालेंटियर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जनता उपस्थित रही।
#shivpuri
4 views | Shivpuri, Madhya Pradesh | Oct 14, 2026