गुरुद्वारा महताबगढ़ गोलूवाला की पूर्व प्रबंध समिति अध्यक्ष बीबी हरमीत कौर खालसा सहित 15-20 लोगों पर मुकदमा दर्ज
#लालबहादुर_भाखर #pulibanga #hanumangarh #श्रीगंगानगर #CrimeNews #अपराध_समाचार #GanganagarUpdates
श्रीगंगानगर। सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने और हिरासत से आरोपी को छुड़ाने के प्रयास के आरोप में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने टिम्मा तथा गुरुद्वारा महताबगढ़ गोलूवाला की पूर्व प्रबंध समिति अध्यक्ष बीबी हरमीत कौर खालसा सहित 15 से 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यह प्रकरण गिरफ्तारी टीम में शामिल सिपाही मुकेश की रिपोर्ट के आधार पर श्रीगंगानगर के पुरानी आबादी थाने में दर्ज किया गया है।
कार्यालय से ले जाते समय हुआ विरोध
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, टीम जब टिम्मा को गुरुद्वारा के लंगर हॉल के पास स्थित कार्यालय से ले जा रही थी, उसी दौरान बीबी हरमीत कौर और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने पुलिस टीम का रास्ता रोकने का प्रयास किया।
दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान हाथापाई की गई और हिरासत में लिए गए टिम्मा को पुलिस से छुड़ाने की कोशिश की गई। इस घटनाक्रम के दौरान सिपाही मुकेश को चोटें आने की भी बात कही गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरी ओर बीबी हरमीत कौर खालसा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए झूठा व निराधार बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।