#भरतपुर। नदबई उपखंड स्थित बरौलीछार गांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्साकर्मियों के कथित दुर्व्यवहार और अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए उपखंड अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि केंद्र में दवाइयां उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को दवा देने से मना कर दिया जाता है, जिससे उन्हें बाहर से महंगी दवाइयां खरीदने पर मजबूर होना पड़ता है। साथ ही, ग्रामीणों ने वहां कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर वर्षा भंडारी के आचरण पर गंभीर नाराजगी जताते हुए उन्हें तत्काल हटाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र का एकमात्र सहारा यह पीएचसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव और कर्मचारियों की मनमानी के कारण बदहाली का शिकार बना हुआ है। मामले को लेकर बीसीएमओ डॉ. राहुल कौशिक ने बताया कि ज्ञापन के जरिए शिकायत प्राप्त हुई है और सोमवार को पीएचसी बरौलीछार पहुंचकर पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।