#गरीब_के_घर_को_चोरों_ने_साफ_किया!
भरतपुर। नदबई क्षेत्र स्थित रायसीस गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित किसान नारायण सिंह पुत्र छिद्दी सिंह अपने परिजनों के साथ घर के बाहर वाले कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान मौका पाकर बेखौफ बदमाश घर में दाखिल हुए और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी करीब 29 हजार रुपये की नकदी, सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण और बाइक चुराकर रफूचक्कर हो गए। सुबह करीब पांच बजे जब परिजनों की आंख खुली तो कमरे का सामान अस्त-व्यस्त देख उनके होश उड़ गए। अलमारी से नकदी व गहने गायब मिलने पर पीड़ित परिवार ने तुरंत नदबई थाना पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के इलाके में संदिग्धों की तलाश और सुराग लगाने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।