*मधुमक्खी पालन से बढ़ेगी आय, आकांक्षी विकासखंड मेहंदवानी की आजीविका दीदियों को मिला दो दिवसीय प्रशिक्षण*
ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने एवं उनकी आय में वृद्धि के उद्देश्य से आकांक्षी विकासखंड मेहंदवानी में आजीविका दीदियों के लिए दो दिवसीय मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत बिलगड़ा, उमरिया एवं सुखलोड़ी के स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के प्रशिक्षक डॉ. मनोज कुमार पटेल द्वारा महिलाओं को मधुमक्खी पालन की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक तकनीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में मधुमक्खी पालन के लिए उपयुक्त स्थान का चयन, मधुमक्खी पेटी की स्थापना एवं रखरखाव, मधुमक्खी कॉलोनी का प्रबंधन, शहद उत्पादन, मधुमक्खियों की देखभाल तथा शहद के प्रसंस्करण एवं विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मधुमक्खी पालन को अतिरिक्त आय के स्रोत के रूप में अपनाने की संभावनाओं से भी महिलाओं को अवगत कराया गया।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री राम प्रसाद तेकाम एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पंकज जैन उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली आजीविका दीदियों से संवाद करते हुए उन्हें प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में लाने तथा सामूहिक रूप से मधुमक्खी पालन गतिविधि को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध स्थानीय संसाधनों एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से महिलाएं अपनी आय के नए साधन विकसित कर सकती हैं। मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियों को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर महिलाओं के लिए स्थायी एवं अतिरिक्त आजीविका के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
*नीति तारा डिवाइस के माध्यम से दिखाईं सफलता की कहानियां*
कार्यक्रम के दौरान नीति तारा डिवाइस का भी उपयोग किया गया। डिवाइस के माध्यम से आजीविका एवं स्वरोजगार से जुड़ी प्रेरणादायी सफलता की कहानियां एवं उपयोगी वीडियो आजीविका दीदियों को दिखाए गए। इसके साथ ही लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से डिवाइस के उपयोग एवं इसकी उपयोगिता से प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया गया।
इस गतिविधि का उद्देश्य महिलाओं को तकनीक के माध्यम से उपलब्ध जानकारी एवं सफल आजीविका मॉडलों से जोड़ना तथा उन्हें नए अवसरों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
*विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रही सहभागिता*
कार्यक्रम में जिला पंचायत आजीविका मिशन से श्री भगत सिंह आर्मो, विकासखंड प्रबंधक आजीविका मिशन श्री राजेश कच्छवाहा, आकांक्षी विकासखंड फेलो श्री सर्वेश गुप्ता एवं कृषि विस्तार विकास अधिकारी श्री प्रवीण निकुम सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दो दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से बिलगड़ा, उमरिया एवं सुखलोड़ी के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को मधुमक्खी पालन की वैज्ञानिक तकनीक, प्रबंधन एवं आयवर्धन की संभावनाओं से परिचित कराया गया। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार, आर्थिक सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
#sevasankalap #sevasankalapabhiyan2026 #collectordindori #jansamparkdindori #Dindori #BeekeepingTraining #AajeevikaMission #WomenEmpowerment #SelfHelpGroups #RuralLivelihood #SelfEmployment #MadhyaPradesh
8 views | Dindori, Madhya Pradesh | Oct 2, 2026