प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, मधेपुरा
दिनांक : 07 अक्टूबर 2026
*विद्युत सामग्री चोरी पर जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक श्री संदीप सिंह सख्त*
*अलर्ट मोड में रहने, संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी एवं दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई के निर्देश*
मधेपुरा, 07 अक्टूबर 2026।
आज झल्लू बाबू सभागार, मधेपुरा में जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक श्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में विद्युत सामग्री चोरी की रोकथाम को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अभियंताओं एवं कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में अलर्ट मोड में रहने, चोरी की घटना की सूचना तत्काल संबंधित थाना को देने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। दोनों विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को अधिक चोरी प्रभावित क्षेत्रों में पूर्व में पकड़े गए आरोपियों एवं संदिग्धों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया।
समीक्षा में बताया गया कि जिले में ट्रांसफॉर्मर तेल चोरी से संबंधित 119 प्राथमिकी दर्ज हैं। इनमें मधेपुरा 24, मुरलीगंज 21, शंकरपुर 15, कुमारखंड 13, पुरैनी 09 तथा सिंहेश्वर 06 मामले शामिल हैं।
वहीं, विद्युत तार चोरी से संबंधित 98 प्राथमिकी दर्ज हैं, जिनमें लगभग 283 किलोमीटर तार चोरी की घटनाएं शामिल हैं। इनमें मधेपुरा प्रमंडल में लगभग 123 किलोमीटर तथा उदाकिशुनगंज प्रमंडल में लगभग 160 किलोमीटर तार चोरी से संबंधित मामले हैं। बिहारीगंज में 14, शंकरपुर एवं सिंहेश्वर में 10-10, मधेपुरा, कुमारखंड एवं ग्वालपाड़ा में 08-08 तथा गम्हरिया में 07 प्राथमिकी दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री संदीप सिंह ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी एवं चोरी की घटनाओं में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*जनहित अपील*
जिला प्रशासन आमजन से अपील करता है कि विद्युत तार, ट्रांसफॉर्मर तेल, पोल अथवा अन्य विद्युत सामग्री की चोरी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल संबंधित थाना अथवा विद्युत विभाग को सूचित करें। आपकी सतर्कता विद्युत व्यवस्था की सुरक्षा और निर्बाध विद्युत आपूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
CMO Bihar
Samrat Choudhary
Narendra Modi
4 views | Madhepura, Bihar | Oct 7, 2026