एसडीओ के औचक निरीक्षण से खुली व्यवस्थाओं की परत, लंबित मामलों पर कसा शिकंजा
पुपरी/सीतामढ़ी, जिलाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी पुपरी गौरव कुमार ने मंगलवार को राजकीय मध्य विद्यालय भेटुआ, आंगनबाड़ी केंद्र नानपुर, अंचल कार्यालय चोरौत और प्रखंड कार्यालय चोरौत का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय भेटुआ में उन्होंने पठन-पाठन, शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
नानपुर के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच की गई। एसडीओ ने बच्चों को मिलने वाली निर्धारित सेवाओं का गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के साथ केंद्र की साफ-सफाई एवं मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर रखने पर जोर दिया।
इसके बाद चोरौत स्थित अंचल कार्यालय और प्रखंड कार्यालय में संचालित कार्यों, अभिलेखों के संधारण और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। एसडीओ ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को लंबित मामलों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने तथा कार्यालयीय कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बनाए रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ नानपुर, बीईओ नानपुर सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Dumra, Sitamarhi | Oct 6, 2026