सुरसंड में आशा कार्यकर्ताओं को आपदा के दौरान जनस्वास्थ्य जोखिम प्रबंधन का प्रशिक्षण
सीतामढ़ी, 06 अक्टूबर 2026। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुरसंड में स्वास्थ्य विभाग एवं आपदा विभाग, सीतामढ़ी, रिलायंस फाउंडेशन एवं अदिथि के संयुक्त तत्वावधान में आशा कार्यकर्ताओं के लिए “आपातकालीन स्थिति में जनस्वास्थ्य जोखिम प्रबंधन” विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में आपदा पूर्व तैयारी, प्रत्युत्तर एवं पुनर्स्थापन, जल, स्वच्छता एवं स्वच्छता व्यवहार (WASH) सहित आपातकालीन परिस्थितियों में जनस्वास्थ्य की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मो. शदरुदीन ने स्वच्छता एवं आरोग्य पर चर्चा करते हुए कहा कि आपदा की स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम हमेशा प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से विभिन्न गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को आपदा एवं स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक करने का सुझाव दिया।
प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक कृष्णनंदन कुमार ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य प्रशिक्षक एवं रिलायंस फाउंडेशन के राज्य कार्यक्रम समन्वयक सूरज कुमार ने WASH के तहत जलजनित रोगों की रोकथाम, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य के महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने हाथ धोने के सही चरणों के साथ-साथ ब्लीचिंग पाउडर एवं हैलोजन टैबलेट के उचित इस्तेमाल के बारे में भी प्रशिक्षुओं को बताया।
सह प्रशिक्षक पायल कुमारी एवं काजल कुमारी ने मासिक धर्म स्वच्छता एवं इससे जुड़े स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी साझा की। प्रशिक्षण में तकनीकी विषयों को स्थानीय भाषा में सरल तरीके से समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग समूहों में बांटकर जनस्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े विषयों पर समूह चर्चा और प्रस्तुति भी कराई गई। इससे प्रशिक्षुओं ने आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने के व्यावहारिक तरीकों को समझा।