भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश
जहानाबाद : भूमि विवादों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार समेत सभी अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे। डीएम ने भूमि विवादों के मामलों में अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि प्रत्येक शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक सभी अंचल कार्यालयों में भूमि विवाद निराकरण को लेकर जनता दरबार आयोजित किया जाएगा। इसमें संबंधित अंचल अधिकारी और थानाध्यक्ष की उपस्थिति अनिवार्य होगी। दोनों पदाधिकारी मामलों की सुनवाई कर उनके निष्पादन की दिशा में कार्रवाई करेंगे।
जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की उसी दिन भू-समाधान पोर्टल पर प्रविष्टि करने तथा संबंधित पंजी का नियमित संधारण करने का निर्देश दिया गया। दोनों पक्षों को सुनकर पहले स्तर पर आपसी सहमति और सुलहनामा के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। अंचल स्तर पर निष्पादन संभव नहीं होने वाले मामलों को 15 दिनों के भीतर अनुमंडल पदाधिकारी के स्तर पर भेजना होगा।
डीएम ने जनता दरबार की कार्रवाई का संक्षिप्त प्रतिवेदन कार्यक्रम समाप्त होने के एक घंटे के भीतर उपलब्ध कराने तथा मासिक समेकित प्रतिवेदन समय पर सौंपने को कहा। अतिक्रमण हटाने के बाद संबंधित थाने में स्टेशन डायरी दर्ज करने और दोबारा अतिक्रमण होने पर नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने न्यायालय के आदेशों का निर्धारित समय-सीमा में अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। दुर्घटना या आपदा की स्थिति में अंचल अधिकारी एवं थानाध्यक्ष को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि वाद एवं नोटिस के तामिला की जिम्मेवारी संबंधित थानाध्यक्ष की होगी। इसे केवल चौकीदार के स्तर पर छोड़ना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भूमि विवादों के निष्पादन में किसी प्रकार की शिथिलता मिलने पर संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि जमीन अथवा भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए प्रत्येक शनिवार अपने संबंधित अंचल कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में आवेदन दें।
बैठक में अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे।