सेक्टर 11 में यूडीए से निगम को हस्तांतरित दुकानों के बाहर से हटाया अतिक्रमण।
इंडियन ऑयल डिपो के सामने कार्रवाई, चार बड़े डंपर सामान जब्त।
महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर निगम की राजस्व शाखा ने की कार्रवाई।
@followers @top fans News 24 Udaipur
#NagarNigamUdaipur #action #udaipur #viralpost #nonflower
उदयपुर। शहर में सार्वजनिक स्थानों एवं नगर निगम की संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को नगर निगम महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर निगम की राजस्व शाखा द्वारा सेक्टर 11 स्थित इंडियन ऑयल डिपो के सामने कार्रवाई करते हुए यूडीए (उदयपुर विकास प्राधिकरण) से नगर निगम को हस्तांतरित दुकानों के बाहर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।
नगर निगम को जानकारी मिली थी कि उक्त दुकानों के बाहर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर कबाड़ का व्यवसाय किया जा रहा था। दुकानों के बाहर बड़ी मात्रा में कबाड़ एवं अन्य सामान जमा कर सार्वजनिक स्थान का अवैध रूप से उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। इससे क्षेत्र में अव्यवस्था उत्पन्न होने के साथ ही आमजन एवं आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर बुधवार को नगर निगम की राजस्व शाखा की टीम मौके पर पहुंची और अभियान चलाकर दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर एवं सार्वजनिक स्थान पर रखा बड़ी मात्रा में कबाड़ तथा अन्य सामान हटाया गया। नगर निगम की टीम द्वारा मौके से चार बड़े डंपर सामान जब्त किया गया।
कार्रवाई के पश्चात पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करवाकर सार्वजनिक स्थान को व्यवस्थित किया गया। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर निगम को हस्तांतरित संपत्तियों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी व्यक्ति को अवैध कब्जा करने और उसका व्यावसायिक उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि नगर निगम की संपत्तियों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना निगम की प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थान पर अवैध कब्जा कर व्यवसाय करने अथवा आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने की स्थिति में नगर निगम द्वारा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों, सड़क सीमा एवं नगर निगम की संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करें। जिन लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, वे स्वयं अपने स्तर पर उसे हटा लें, अन्यथा नगर निगम द्वारा कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के साथ मौके से सामान भी जब्त किया जाएगा।
यह अधिकारी कर्मचारी रहे उपस्थित।
नगर निगम द्वारा बुधवार को की गई कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी नीतीश भटनागर, राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन, राहुल मीणा सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
Girwa, Udaipur | Oct 7, 2026