Public App Logo
नगर निकायों की सुरक्षा होगी मजबूत, सशस्त्र गृह रक्षकों की होगी प्रतिनियुक्ति लखीसराय। जिले के तीनों नगर निकायों में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की कवायद शुरू कर दी गई है। नगर निकायों में सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक संख्या में सशस्त्र गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसको लेकर गुरुवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर नगर निकायवार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। विशेष सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक 2730, 5 अगस्त के आलोक में आयोजित बैठक में जिले के नगर निकायों में वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था, उपलब्ध बलों तथा भविष्य की आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य नगर निकायों में सुरक्षा संबंधी जरूरतों का आकलन कर उसके अनुरूप सशस्त्र गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करना था। बैठक में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, लखीसराय से जिले में उपलब्ध होमगार्ड जवानों की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा बीएमपी, उत्पाद विभाग तथा अन्य कार्यालयों में पदस्थापित बलों की उपलब्धता और उनकी वर्तमान तैनाती की भी समीक्षा की गई। नगर निकायों की सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप उपलब्ध बलों का आकलन करते हुए जल्द प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया गया। जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी की ओर से जिले में उपलब्ध पुरुष एवं महिला गृह रक्षकों की संख्या एवं उनकी तैनाती से संबंधित आवश्यक जानकारी बैठक में उपलब्ध कराई गई। जिला पदाधिकारी ने जिला समादेष्टा को निर्देश दिया कि सभी नगर निकायों की सुरक्षा जरूरतों का समुचित आकलन कर आवश्यकतानुसार जल्द से जल्द गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि नगर निकायों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। साथ ही नगर निकायों में प्रतिनियुक्त किए जाने वाले सशस्त्र बलों के भुगतान एवं आवासन की व्यवस्था संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, लखीसराय, नगर परिषद एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। - Lakhisarai News