प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
*जिलाधिकारी ने मॉडल स्कूल उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बड़हरी का किया गहन निरीक्षण*
*विद्यालय में पेयजल, स्वच्छ शौचालय, साप्ताहिक मूल्यांकन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को लेकर दिए आवश्यक निर्देश*
मधेपुरा, 19 अगस्त 2026।
जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन ने आज उप विकास आयुक्त श्री अनिल बसाक सहित संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ प्रखंड सिंहेश्वर अंतर्गत मॉडल स्कूल उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बड़हरी का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विद्यालय में पेयजल की उपलब्धता एवं समुचित व्यवस्था, शौचालयों की साफ-सफाई एवं स्वच्छता, विद्यालय परिसर की समग्र व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। उन्होंने सभी बच्चों के साप्ताहिक टेस्ट नियमित रूप से आयोजित कराने तथा उसके परिणामों के आधार पर विद्यार्थियों की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक शैक्षणिक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि विद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन एवं मूलभूत सुविधाओं का सतत ध्यान रखा जाए। विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सुथरे शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, उपस्थिति, अनुशासन एवं शैक्षणिक उपलब्धि में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। शिक्षकों को विद्यार्थियों की व्यक्तिगत शैक्षणिक आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar