प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
*जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंहेश्वर का किया निरीक्षण*
*स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवा की पर्याप्त उपलब्धता, स्वच्छता एवं मरीजों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*
मधेपुरा, 19 अगस्त 2026।
जिला पदाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंहेश्वर का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, दवा की उपलब्धता, ओपीडी सेवाओं, प्रसव व्यवस्था एवं जांच सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर एवं विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई की समुचित एवं नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए।
उन्होंने दवा भंडार का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दवाओं की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आवश्यक दवा की कमी नहीं होनी चाहिए। दवा भंडार में किसी दवा की मात्रा कम होने की स्थिति में यथाशीघ्र उसकी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को दवा के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।
*प्रसव सेवाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर*
जिलाधिकारी ने प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को बेहतर एवं सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि डिलीवरी के मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर नहीं किया जाए। केवल अत्यधिक गंभीर अथवा क्रिटिकल स्थिति में ही आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं प्रोटोकॉल के अनुसार उच्चतर स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाए। अस्पताल में प्रसव से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं को पर्याप्त रूप से सुदृढ़ रखने का भी निर्देश दिया गया।
*ओपीडी एवं जांच सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश*
जिलाधिकारी ने ओपीडी में आने वाले सभी मरीजों की समुचित जांच, बेहतर देखभाल एवं आवश्यक दवा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने मरीजों को अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाने तथा चिकित्सकीय सेवाएं यथासंभव शीघ्र उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने जांच घर/पैथोलॉजी एवं डायग्नोस्टिक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि मरीजों को आवश्यक जांच की सभी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।
जिलाधिकारी ने अस्पताल की समग्र स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक व्यवहार, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा एवं आवश्यक दवा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar