उदयपुर पुलिस का नशा माफिया पर बड़ा प्रहार, 50 लाख की MDMA जब्त; 3 तस्कर गिरफ्तार
‘जागृति अभियान’ के तहत माण्डवा में 11 क्विंटल से अधिक गांजा-भांग की अवैध खेती नष्ट, 7 मामले दर्ज
उदयपुर। युवाओं को नशे से बचाने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘जागृति अभियान’ के तहत उदयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। माण्डवा और हिरणमगरी थाना पुलिस ने डीएसटी के साथ मिलकर दो अलग-अलग कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए।
माण्डवा में 11 क्विंटल से ज्यादा अवैध फसल नष्ट
माण्डवा थाना क्षेत्र की दुर्गम पहाड़ियों में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर 1149.500 किलोग्राम अवैध गांजा और भांग के हरे पौधे नष्ट कर जब्त किए। इनमें 17.450 किलोग्राम गांजा और 1132.05 किलोग्राम भांग शामिल है। पुलिस के अनुसार अवैध खेती पुलिस की नजरों से बचाने के लिए पहाड़ी क्षेत्र में की जा रही थी। इस कार्रवाई में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं और अवैध खेती से जुड़े लोगों की तलाश जारी है।
हिरणमगरी में 50 लाख की MDMA जब्त, तीन गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई हिरणमगरी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार तीन लोगों के कब्जे से 470 ग्राम MDMA ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने MDMA और स्कॉर्पियो जब्त कर मनीष, शंकर और नरेश को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार MDMA को बाड़मेर के गुढ़ामालानी क्षेत्र से खरीदकर उदयपुर लाया जा रहा था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
एसपी उदयपुर डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि उदयपुर पुलिस जिले को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।