Public App Logo
रोहतास पुलिस को बड़ी सफलता: अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, चोरी की 10 मोटरसाइकिल बरामद रोहतास पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस संबंध में सासाराम नगर थाना में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सासाराम एसडीपीओ 1 बिप्लब कुमार ने बताया कि सासाराम नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अंतरजिला वाहन चोर गिरोह सक्रिय है और चोरी की मोटरसाइकिलों को छिपाने तथा बेचने की फिराक में है। जिसके बाद एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य मो. आमिर को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर सासाराम नगर थाना एवं दरिगांव थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। मामले में शामिल दो अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े तीन अन्य फरार आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। - Kargahar News